कोल्हुई क्षेत्र की नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

  • शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, आसपास के थानों से भी मांगी गई जानकारी

सौरभ जायसवाल

कोल्हुई (महराजगंज)। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम राज मंदिर के समीप रविवार शाम नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।

शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजगंज की मर्चरी भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है तथा गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *