2027 में यूपी के सीएम बनेंगे अखिलेश: मनोज ‘काका’

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर रायबरेली में वृक्षारोपण, हवन-पूजन, चादरपोशी और विशाल भंडारे का आयोजन

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर रायबरेली जनपद में सेवा, सद्भाव और जनकल्याण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान से हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने की जिम्मेदारी भी है।

इसके बाद बस स्टेशन, कचहरी रोड स्थित हजरत महबूब आलम शाह की दरगाह पर चादरपोशी की गई। यहां देश और प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की गई तथा अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।

इसके उपरांत चांदपुर कोठी स्थित जगमोहनेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया। उपस्थित लोगों ने आहुति अर्पित कर अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं सफल जीवन के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की प्रार्थना की।

धार्मिक अनुष्ठानों के बाद चांदपुर भवन के सामने विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और जनसेवा की भावना देखने को मिली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव ‘काका’ ने कहा कि अखिलेश यादव का जन्मदिवस केवल एक राजनीतिक नेता का जन्मोत्सव नहीं, बल्कि समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों, युवाओं और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें आज भी प्रदेश की जनता याद करती है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा समाजवादी विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मनोज ‘काका’ ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज को जोड़ने, भाईचारा बढ़ाने और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने की राजनीति करती है। जन्मदिन पर आयोजित वृक्षारोपण, दरगाह पर चादरपोशी, मंदिर में हवन-पूजन और विशाल भंडारा भारतीय संस्कृति, गंगा-जमुनी तहजीब और सर्वधर्म समभाव का प्रतीक है।

पूर्व विधायक आशा किशोर निर्मल ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी आंदोलन और अधिक मजबूत होगा तथा उत्तर प्रदेश विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की दिशा में आगे बढ़ेगा।

सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दादा ओ.पी. यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे मजबूत आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी आर.पी. यादव ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में हुए विकास कार्य आज भी जनता के बीच चर्चा का विषय हैं।

विशेष आमंत्रित सदस्य आफताब अहमद ‘रज्जू खान’ एडवोकेट ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है और युवाओं, किसानों, मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गों का विश्वास पार्टी के प्रति बढ़ रहा है।

समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष शिवदुलारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत जनता से उसका जुड़ाव और सामाजिक सौहार्द है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि जनसेवा, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय मूल्यों के प्रति समाजवादी कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का संदेश है।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नीलेश यादव, संदीप शुक्ला, चंद्रराज पटेल, राजेंद्र यादव, मो. साहिल, रामसेवक वर्मा, शिवम प्रकाश सोनकर, विनोद यादव, हिमांशु यादव, बबलू सोनकर, शुभम पाल, डॉ. एस.यू. खान, विजय यादव सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना तथा समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts