खीरों में ई-रिक्शा की चार बैटरी और चार्जर चोरी, सड़क किनारे मिला वाहन

  • घर के दरवाजे से ई-रिक्शा उठा ले गए चोर, मुस्तकीमगंज के पास सड़क किनारे छोड़कर हुए फरार

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेरी गांव निवासी एक युवक ने घर के दरवाजे पर खड़े ई-रिक्शा की सभी बैटरियां और चार्जर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। युवक के अनुसार, अज्ञात चोर रात में उसके दरवाजे से ई-रिक्शा उठा ले गए। ई-रिक्शा की सभी बैटरियां और चार्जर निकालने के बाद वाहन को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जेरी निवासी विपिन कुमार पुत्र राजाराम कोरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका ई-रिक्शा रात में घर के दरवाजे पर खड़ा था। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब एक बजे से सुबह तीन बजे के बीच अज्ञात चोर उसका ई-रिक्शा दरवाजे से उठा ले गए।

सुबह घटना की जानकारी होने के बाद विपिन कुमार ने ई-रिक्शा की खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान थाना क्षेत्र के मुस्तकीमगंज के पास उसका ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ा मिला। जांच करने पर ई-रिक्शा में लगी चारों बैटरियां और चार्जर गायब मिले। आशंका है कि चोर बैटरियां और चार्जर निकालने के बाद ई-रिक्शा को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *