- चार वर्ष बाद भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी, जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज से गलियों में जलभराव और कीचड़
पंकज तिवारी
मसौली (बाराबंकी)। जनपद बाराबंकी के विकासखंड मसौली अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत शुरू की गई ‘हर घर जल’ योजना धराशायी होती नजर आ रही है। कहीं पाइपलाइन फटने से साफ पानी बर्बाद होकर गलियों में बह रहा है, जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद कई मामलों में मरम्मत को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
गांव की गलियों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
विकासखंड मसौली की ग्राम पंचायत शाहपुर में जल जीवन मिशन के तहत शुरू की गई योजना ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की गलियों में बने खड़ंजे और इंटरलॉकिंग मार्गों को तोड़कर पाइपलाइन डाली गई, लेकिन लगभग चार वर्ष बीतने को हैं और अभी तक घरों में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बजट के अभाव में करीब एक वर्ष तक काम बंद पड़ा रहा, जिससे लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी। बीते एक सप्ताह से सोलर पैनल के जरिए सीधे पानी की आपूर्ति शुरू की गई है, लेकिन आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पाइपलाइन टूटी होने के कारण पानी घरों तक पहुंचने के बजाय गांव की गलियों में बह रहा है।
सूत्रों के अनुसार, योजना पर करीब एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद पेयजल की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई घरों की टोटियों में पानी आता ही नहीं है। जगह-जगह पाइपलाइन में लीकेज है और कुछ स्थानों पर घरों को कनेक्शन तक नहीं दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि हर घर जल योजना की वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच कराई जाए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही योजना को शीघ्र सुचारु कराया जाए, ताकि गांव के प्रत्येक घर तक पेयजल की सुविधा वास्तव में पहुंच सके।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब चार वर्ष पहले जब योजना का शुभारंभ हुआ था, तब उन्हें उम्मीद जगी थी कि अब शहरों की तरह उनके घरों में भी टोटी से पानी मिलेगा, लेकिन आज तक यह सुविधा नसीब नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार लिखित शिकायत की, लेकिन न तो मामले की जांच हुई और न ही व्यवस्था में कोई सुधार आया। स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव में कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट चुकी है, जबकि कुछ घरों को अब तक कनेक्शन भी नहीं दिया गया है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिलाधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे और समस्या का जल्द निदान कराते हुए गांव में हर घर तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराएंगे।













