- विधायक राहुल लोधी ने अधीक्षण अभियंता को लिखा पत्र, अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की मांग
रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र सेमरी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के दर्जनों गांवों में विद्युत व्यवस्था काफी समय से बदहाल है। मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी ने अवर अभियंता के खिलाफ एक शिकायती पत्र अधीक्षण अभियंता को भेजा है। क्षेत्रीय विधायक ने क्षेत्र में ध्वस्त विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के मामले की जांच कर अवर अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
विद्युत उपकेंद्र सेमरी के अंतर्गत मानपुर, देवली, लक्षीपुर, भगवानबख्श खेड़ा, महरानीगंज समेत दर्जनों गांवों के लोगों ने बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी से शिकायत की। उपभोक्ताओं ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति और शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी से विधायक को अवगत कराया।
क्षेत्र की जनता की समस्या का संज्ञान लेते हुए विधायक ने इसकी लिखित शिकायत अधीक्षण अभियंता से की। शिकायत में विधायक ने बताया कि विद्युत आपूर्ति को लेकर पूछने पर अवर अभियंता द्वारा क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार किया जाता है। बिजली समस्या के अधिकांश मामलों में बात करने का प्रयास करने पर उनके द्वारा सीयूजी नंबर पर फोन रिसीव नहीं किया जाता है।
विधायक ने पत्र में कहा कि शिकायत के बावजूद विद्युत आपूर्ति में आने वाली समस्याओं के समाधान में लंबा समय लगता है। मामूली फाल्ट को दुरुस्त करने में भी 24 घंटे से अधिक का समय बिता दिया जाता है। इसके चलते क्षेत्र के हजारों विद्युत उपभोक्ता तपती गर्मी में भीषण बिजली समस्या से जूझ रहे हैं।
क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी ने मामले की तत्काल जांच कर अवर अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने और क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।













