हज यात्रा 2027 के लिए हर जिले में चलेगा जागरूकता अभियान, राज्य हज समिति की बैठक में अहम निर्णय

  • राज्य हज समिति की बैठक में हज-2026 की समीक्षा, सोशल मीडिया से सूचनाएं पहुंचाने और यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर मंथन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की बैठक सोमवार को मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर, लखनऊ में राज्य मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के अध्यक्ष दानिश आजाद अंसारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में हज-2026 की समीक्षा की गई और इसके सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर सभी का आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही आगामी हज-2027 के संबंध में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए सुझावों पर चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में हज हाउस को हज यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और भव्य बनाने के साथ ही हज हाउस की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कुछ आवश्यक निर्माण कार्यों का प्रस्ताव रखा गया।

बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी कि प्रत्येक जिले में हज समिति के सदस्य दौरा करेंगे और धर्मगुरुओं के साथ ही जिले के प्रतिष्ठित एवं सामाजिक व्यक्तियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से हज-2027 के लिए आवेदन करने के इच्छुक हज यात्रियों को जागरूक किया जाएगा और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

हज कमेटी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यू-ट्यूब, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम आदि से जोड़कर प्रचार-प्रसार करने तथा हज से संबंधित आवश्यक सूचनाएं यात्रियों तक सुविधाजनक तरीके से पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में हज सत्र-2027 के दौरान यात्रियों को रूम सर्विस के रूप में भोजन सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही स्मार्ट वॉच के स्थान पर अन्य विकल्प अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान इस बात पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया कि उत्तर प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को हज-2026 की तुलना में और बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध कराई जा सकती हैं। सभी सदस्यों ने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखते हुए हज-2027 को और अधिक सुविधाजनक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में अध्यक्ष के अतिरिक्त सदस्य इफ्तेखार अहमद, वली मोहम्मद, जुनेद अंसारी, जावेद कमर खान, हाफिज एजाज अहमद अंसारी (शाहीन), कल्बे हुसैन (कब्बन नवाब), कमरुद्दीन (जुगनू), सैयद अली वारसी और कामरान खान उपस्थित रहे। पदेन सदस्य के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव एवं कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद तारिक ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts