- सपा की चुनावी चुनौती को बताया राजनीतिक हताशा, कहा-जनता के विश्वास और मजबूत संगठन के दम पर भाजपा करेगी बेहतर प्रदर्शन
शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी द्वारा भाजपा को दी जा रही चुनावी चुनौती को राजनीतिक हताशा का परिणाम बताते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक विधायक अपनी विधानसभा में जनता के विश्वास, विकास कार्यों और मजबूत संगठन के दम पर पूरी मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि, “225 सीटें बदलने की बात तो दूर, भाजपा के दो विधायक भी अपनी सीट बदलना नहीं चाहते, क्योंकि उन्हें अपनी जनता के समर्थन पर पूरा भरोसा है।”
डॉ. सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लखनऊ को लेकर दिया गया बयान यह दर्शाता है कि वह भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और जनसमर्थन का सही आकलन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास, कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित किया है, जिसका लाभ आगामी चुनाव में भी पार्टी को मिलेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी आज जमीनी राजनीति से दूर होकर केवल सोशल मीडिया और बयानों की राजनीति तक सीमित होती जा रही है। उनके अनुसार भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय है और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी को अपने जनाधार पर वास्तव में भरोसा है तो उसका शीर्ष नेतृत्व राजधानी लखनऊ की प्रतिष्ठित विधानसभा सीटों से चुनाव लड़कर जनता का सामना करे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है, न कि मीडिया में दिए जाने वाले राजनीतिक बयान।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी ने देश के कई राज्यों में मजबूत संगठन और जनविश्वास के बल पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इसी विश्वास के साथ भाजपा उत्तर प्रदेश में भी पिछले चुनावों से बेहतर प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को पहले अपना जनाधार बचाने की चिंता करनी चाहिए, जबकि भाजपा जनता के आशीर्वाद के साथ नया चुनावी इतिहास रचने की दिशा में आगे बढ़ रही है।













