हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई तक, जानें पासपोर्ट सहित जरूरी नियम

  • हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और हज सुविधा ऐप से कर सकेंगे आवेदन, 40 दिन और 20 दिन की दो श्रेणियां निर्धारित

रायबरेली। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया कि निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा 22 जून 2026 को हज-2027 की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट एवं हज सुविधा ऐप के माध्यम से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए मशीन रीडेबल पासपोर्ट अनिवार्य है तथा उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। हज-2027 में 40 दिन एवं 20 दिन की दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। आवेदन के समय यात्री अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प का चयन कर सकते हैं। 20 दिवसीय श्रेणी के लिए केवल सात उड़ान स्थल-अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चिन, दिल्ली, हैदराबाद एवं मुंबई निर्धारित किए गए हैं।

ऑनलाइन आवेदन के दौरान पासपोर्ट आकार का फोटो, पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, निवास प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण तथा रद्द चेक अथवा बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। हज नीति एवं विस्तृत दिशा-निर्देश हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जिनका आवेदन से पूर्व अध्ययन करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि अधिकतम पांच व्यक्ति एक साथ आवेदन कर सकते हैं, लेकिन सभी का चयन एक ही श्रेणी में होना तथा प्रत्येक आवेदक का स्वयं का मोबाइल नंबर दर्ज होना आवश्यक है। बिना मेहरम श्रेणी में 65 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं, हालांकि 65 वर्ष से अधिक आयु की महिला के साथ 40 से 64 वर्ष आयु का एक कंपेनियन होना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार 65 वर्ष से अधिक आयु के सामान्य आवेदकों के साथ भी 40 से 64 वर्ष आयु का एक कंपेनियन आवश्यक रहेगा।

उन्होंने बताया कि हज-2027 के प्रचार-प्रसार के लिए केवल जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य तथा अधिकृत व्यक्तियों को ही अधिकृत किया गया है। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र का प्रिंटआउट डाउनलोड कर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति को उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद रायबरेली के समस्त इच्छुक हज यात्रियों से समयबद्ध रूप से आवेदन करने की अपील की है। साथ ही सभी अनुदानित एवं मान्यता प्राप्त मदरसों, खानकाहों एवं अन्य धार्मिक संस्थानों से हज-2027 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts