- 20 जुलाई तक करें आवेदन, इंटरमीडिएट पास और 35 वर्ष तक के अभ्यर्थी होंगे पात्र
रायबरेली। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चंद्र राय ने बताया है कि उत्तर प्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग कल्याण अनुभाग-2 के शासनादेश के तहत पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना ऑनलाइन संचालित की जा रही है। निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के संचालन की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि निदेशालय द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवक-युवतियां 16 जून से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण भारत सरकार की अधिकृत संस्था ‘नीलिट’ (NIELIT) से मान्यता प्राप्त एवं निदेशालय द्वारा चयनित संस्थानों के माध्यम से प्रदान किया जाएगा।
योजना का लाभ ऐसे पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा, जिनके माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो। इच्छुक अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट backwardwelfareup.gov.in पर उपलब्ध लिंक अथवा obccomputertraining.upsdc.gov.in के माध्यम से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित है। अभ्यर्थी की आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा वह किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो।
ऑनलाइन आवेदन करने के उपरांत अभ्यर्थी आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर आवश्यक अभिलेखों सहित दो प्रतियों में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन, रायबरेली के कार्यालय में 20 जुलाई 2026 को सायं 5:00 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करें। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्राप्त आवेदनों के आधार पर जनपद स्तरीय चयन समिति द्वारा चयन की कार्रवाई की जाएगी। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।













