- राहत एवं बचाव व्यवस्था, बाढ़ शरणालयों, तटबंधों, स्वास्थ्य, खाद्यान्न एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की हुई समीक्षा
रायबरेली। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बाढ़ से बचाव, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए गए प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग अपनी-अपनी कार्ययोजना को अद्यतन रखते हुए पूर्ण समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बाढ़ शरणालयों में पेयजल, विद्युत, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों के लिए नाव, लाइफ जैकेट, रस्सी एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उन्हें पूरी तरह तैयार रखा जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों का भंडारण, मेडिकल टीमों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पशुओं के उपचार एवं चारे की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, खाद्य एवं रसद विभाग को आवश्यक खाद्यान्न एवं राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा सिंचाई विभाग को तटबंधों एवं कटान संभावित स्थलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़कों एवं पुल-पुलियों की स्थिति पर सतत निगरानी रखने, विद्युत विभाग को सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पुलिस, अग्निशमन एवं होमगार्ड विभाग को किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्ण तत्पर रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में बाढ़ तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में जन-धन एवं पशुधन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए संवेदनशील एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, आपदा विशेषज्ञ अंकित पाण्डेय सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













