शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ संरक्षण यात्रा का रायबरेली में भव्य स्वागत, दर्शन को उमड़ी सैकड़ों की भीड़

  • रायबरेली-उन्नाव सीमा से सेमरी चौराहे तक हुआ जोरदार स्वागत, गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग दोहराई

शुभम शर्मा

खीरों/रायबरेली। ज्योतिष्पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय ‘गोविष्टि (गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा’ के रायबरेली जनपद में प्रवेश पर श्रद्धालुओं, समाजवादी नेताओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। रायबरेली-उन्नाव सीमा से लेकर खीरों क्षेत्र के सेमरी चौराहे तक यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

रायबरेली-उन्नाव सीमा पर हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी अपने समर्थकों के साथ शंकराचार्य के स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान गौ संरक्षण, गौ संवर्धन तथा गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद यात्रा सेमरी चौराहा पहुँची, जहां समाजवादी पार्टी के नेता एवं हरचंदपुर विधानसभा के प्रत्याशी नयन शुक्ला ने सैकड़ों समर्थकों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

शंकराचार्य के सेमरी चौराहा पहुंचने में निर्धारित समय से काफी विलंब हुआ। इसके बावजूद सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अनुयायी, व्यापारी और क्षेत्रीय लोग उनके दर्शन और आशीर्वाद की प्रतीक्षा में डटे रहे। जैसे ही उनका काफिला पहुंचा, पूरा क्षेत्र ‘जय गौ माता’ और ‘जय सनातन’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि ‘गोविष्टि (गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा’ का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राष्ट्रीय पशु का सम्मान दिलाने तथा देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए जनसमर्थन जुटाना है।

उन्होंने बताया कि 3 मई को गोरखपुर से प्रारंभ हुई यह 81 दिवसीय जन-जागरण यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी तथा एक लाख से अधिक गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान आम जनता और मतदाताओं से संवाद कर गौ संरक्षण का संकल्प दिलाया जा रहा है।

शंकराचार्य ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापक जनसमर्थन के बल पर गौ संरक्षण से जुड़ी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, श्रद्धालु, व्यापारी एवं आमजन मौजूद रहे। इस अवसर पर बृजेश लोधी, फत्ते सिंह (राजेश सिंह), शेरा लोधी, कल्लू यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गौ संरक्षण अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और इसे भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts