रायबरेली। रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र की विधायक अदिति सिंह ने शनिवार को विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की तथा अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक अदिति सिंह ने नेहरू नगर में प्रख्यात गैस्ट्रो सर्जन स्वर्गीय डॉ. रजत पाण्डेय की तेरहवीं में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसके बाद वह अंबेडकर नगर निवासी राजेश सोनकर के आवास पहुंचीं, जहां उनके पूजनीय पिताजी के निधन पर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इसी क्रम में विधायक अदिति सिंह ने सड़क दुर्घटना में घायल अंबेडकर नगर निवासी शिवा सोनी के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक अदिति सिंह ने कहा, “सुख हो या दुःख, रायबरेली सदर परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ खड़े रहना मेरा दायित्व और संकल्प है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है और हर परिस्थिति में उनके साथ रहना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”













