लखनऊ: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को सरोजनीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

  • नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बढ़ाई गईं पॉक्सो की धाराएं, पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने एवं उसके साथ दुष्कर्म के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में एक अन्य नामजद आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 27 जून 2026 को वादिनी ने थाना सरोजनीनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभिषेक यादव नामक युवक उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 228/2026, धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 7 जुलाई 2026 को टीएस मिश्रा अस्पताल से आगे जाने वाले मार्ग पर समदा-अनौरा तिराहे के पास से पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।

जांच और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर विनीत का नाम भी प्रकाश में आया, जिसके बाद मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई।

अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने 11 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर टीएस मिश्रा किसान पथ जाने वाले मार्ग पर अनौरा-समदा तिराहे से आरोपी विनीत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी अभिषेक यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *