भाजपा की सबसे बड़ी ताकत समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त बूथ संगठन: डॉ. राजेश्वर सिंह

  • सरोजनीनगर विधायक बोले… कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़, सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का किया आह्वान

शकील अहमद

सरोजनी नगर, लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है, जो केवल चुनावी समय में ही नहीं बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर सेवा, संवाद और समस्याओं के समाधान का कार्य करता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही पार्टी की नीतियां तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन को जीवंत बनाए रखते हैं। एक मजबूत बूथ संगठन न केवल चुनावी सफलता सुनिश्चित करता है, बल्कि जनता और पार्टी के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी भी बनता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य करता है, यही कारण है कि पार्टी को लगातार जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा विपक्ष द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब दें। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल प्रचारक नहीं, बल्कि जनसेवक और संगठन का सच्चा प्रतिनिधि होता है।

विधायक ने कहा कि बूथ सशक्तीकरण, डिजिटल प्रशिक्षण, जनसंपर्क अभियान और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित प्रवास, जनसंवाद और जनसंपर्क को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की पहचान हैं और सशक्त बूथ संगठन ही उसकी विजय का आधार है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts