बंजरहा सोमबरसा चौराहे पर जलभराव से बढ़ी परेशानी, नाली न होने से बाजार और आवागमन प्रभावित

[post-views]
  • ग्रामीणों ने की स्थायी नाली निर्माण की मांग, पीडब्ल्यूडी ने तत्काल पानी निकासी के लिए जेसीबी भेजने की बात कही

बृजमनगंज (महराजगंज)। विकास खंड बृजमनगंज की ग्राम पंचायत बंजरहा सोमबरसा और नयनसर की सीमा पर स्थित चौराहे से पूर्व दिशा की ओर जाने वाले मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली के अभाव में बरसात का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

यह चौराहा आसपास के क्षेत्र का प्रमुख बाजार है, जहां सैकड़ों दुकानें संचालित होती हैं। प्रत्येक शुक्रवार को यहां साप्ताहिक बाजार भी लगता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। प्रतिदिन भी हजारों लोगों का आवागमन रहता है और बाजार देर रात तक संचालित होता है। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ध्रुव कुमार ने बताया कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बाद जिम्मेदार अधिकारी जेसीबी से अस्थायी रूप से मिट्टी हटवाकर पानी निकलवा देते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। उन्होंने शीघ्र स्थायी नाली निर्माण कराने की मांग की।

लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर उमेश चंद्र ने बताया कि आगे बनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क ऊंची है, जबकि गांव की ओर जाने वाला मार्ग नीचा होने के कारण पानी भर जाता है। इसके अलावा कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे मिट्टी पाट देने से जल निकासी बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि तत्काल मिट्टी हटवाकर पानी निकालने के लिए जेसीबी भेज दी गई है।

इस दौरान दीपू चौहान, सुरेंद्र विश्वकर्मा, अखिलेश पासवान, परमात्मा जायसवाल और डॉ. बबलू शर्मा सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान कराए जाने की मांग की, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts