- थाना प्रभारी ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से की सौहार्द बनाए रखने की अपील, त्योहारों के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। आगामी सावन मास में शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रम तथा चेहल्लुम के पर्व को दृष्टिगत रखते हुए सरोजनीनगर थाना सभागार में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिरों के पुजारियों, मौलानाओं, संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति ने सभी धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से आपसी समन्वय एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि जलाभिषेक के दौरान मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा शांति एवं भाईचारे के साथ दोनों पर्वों को संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई। मौलानाओं एवं पुजारियों ने भी आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर बल दिया।
थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति की पहल पर आयोजित यह बैठक क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे दोनों पर्वों का आयोजन सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।













