नेपाल के बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज ने प्रधानमंत्री राहत कोष में दिए 51 हजार रुपये
अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी को सौंपा बैंक वाउचर
सौरभ जायसवाल
महराजगंज। नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। यह राशि नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में जमा कराई गई है।
सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल को बैंक में जमा सहायता राशि का वाउचर सौंपा।
अमित त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर जन-धन की क्षति हुई है। ऐसे कठिन समय में भारतीय पत्रकारों की ओर से प्रभावित नागरिकों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से यह राशि प्रदान की गई है।
उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल ने प्रधानमंत्री कोष में सहायता राशि जमा कराने के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज से जुड़े पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर लुम्बिनी प्रेस क्लब रुपन्देही के अध्यक्ष कमल रायमाझी सहित नेपाल और भारत के कई पत्रकार मौजूद रहे।
