गौरी बिहार छठ पूजा स्थल पर सड़क निर्माण कार्य शुरू, पार्षद गीता देवी गुप्ता ने किया उद्घाटन

– लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या के समाधान की पहल, छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भी मिलेगी सुविधा

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर प्रथम वार्ड के गौरी बिहार स्थित छठ पूजा स्थल पर लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या के समाधान की दिशा में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया।

पार्षद श्रीमती गीता देवी गुप्ता ने 7 सितंबर 2026 को विधिवत निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

उद्घाटन के दौरान पार्षद गीता देवी गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वार्ड में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गौरी बिहार छठ पूजा स्थल की सड़क बनने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ छठ पूजा के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

पार्षद ने विकास कार्य में सहयोग के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरोजनीनगर प्रथम वार्ड को बेहतर और सुविधायुक्त बनाने के लिए विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता सहित विनय श्रीवास्तव, रौनक यादव, मंजू यादव, सीमा सिंह, कमल सिंह, नंदिनी कश्यप, बबली, मालती, अंकित मौर्य, महाप्रसाद, राजू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और पार्षद गीता देवी गुप्ता का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *