महराजगंज पुलिस ने बरामद किए 115 गुमशुदा मोबाइल, कीमत करीब 28 लाख रुपये

- सात महीने में 743 मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए, पुलिस के मुताबिक इनकी अनुमानित बाजार कीमत 2.06 करोड़ रुपये
सौरभ जायसवाल
महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने तकनीक आधारित कार्रवाई करते हुए 115 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 28 लाख रुपये है। 27 अक्टूबर 2026 को बरामद किए गए सभी मोबाइल आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों के समन्वित प्रयासों से सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से इन मोबाइल फोन को बरामद किया गया।
सात महीने में 743 मोबाइल फोन बरामद
महराजगंज पुलिस के मुताबिक, पिछले सात महीनों में कुल 743 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 6 लाख रुपये है। इस अभियान में CEIR पोर्टल, आधुनिक तकनीकी संसाधनों, सर्विलांस सेल और जिले के विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य गुमशुदा मोबाइल फोन के माध्यम से नागरिकों की संपत्ति वापस दिलाना और तकनीक के प्रभावी उपयोग से जनसमस्याओं का निस्तारण करना है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली सर्विलांस टीम में कांस्टेबल ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता और आरक्षी नीरज कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद के सभी थानों में CEIR पोर्टल से संबंधित कार्यों के लिए नियुक्त पुलिसकर्मियों का भी इस अभियान में योगदान रहा।
मोबाइल गुम होने पर क्या करें?
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं। इसके साथ ही नजदीकी थाने में भी सूचना दें। पुलिस ने मोबाइल का IMEI नंबर, खरीद संबंधी बिल और अन्य उपलब्ध विवरण सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि मोबाइल की तलाश और बरामदगी में मदद मिल सके।
इन जगहों पर गुम हो सकते हैं मोबाइल फोन
पुलिस ने मोबाइल फोन गुम होने के कुछ प्रमुख कारण भी बताए हैं। इनमें भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी एवं फल मंडियों तथा साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान झुकने या बैठने पर मोबाइल गिर जाना शामिल है। यात्रा के दौरान ऑटो, टैक्सी और बसों में मोबाइल छूट जाना भी इसकी एक प्रमुख वजह है।
इसके अलावा बाइक चलाते समय ढीले कपड़ों की जेब से, विशेषकर स्पीड ब्रेकर पर, मोबाइल गिर सकता है। सार्वजनिक पार्कों में खेलने या व्यायाम करने, शादी-विवाह और बारात में नृत्य करने, बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में भीड़ के बीच तथा मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भी मोबाइल फोन छूटने की आशंका रहती है। पुलिस ने यह भी बताया कि नशे की स्थिति में मोबाइल गिरने या कहीं छूटने तथा बच्चों द्वारा मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान उसे किसी स्थान पर छोड़ देने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं।
पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल फोन संभालकर रखने और गुम या चोरी होने की स्थिति में समय पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।