महराजगंज में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

- युवती की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा, जांच के दौरान मारपीट और धमकी की धाराएं भी बढ़ीं, बनकटी मोड़ से पुलिस ने पकड़ा आरोपी
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज/महराजगंज। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इन्कार करने के आरोप में बृजमनगंज पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार, 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर बनकटी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, एक युवती ने थाने में तहरीर देकर युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इन्कार करने का आरोप लगाया था। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और गवाहों के बयान के आधार पर मुकदमे में मारपीट और धमकी देने से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने 30 अक्टूबर की रात आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक आलोक यादव, कांस्टेबल अभयनारायण राय और विकास पांडेय शामिल रहे।