Monday, 02 November 2026 nishpakshdarpan.com

निष्पक्ष दर्पण

Monday
02 November 2026
ताज़ा खबर
युवाओं के भरोसे को राकेश सिंह ने बताया अपनी ताकत, हरचंदपुर के सम्मान को लेकर कही बड़ी बातमऊ को 5.31 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री ए.के. शर्मा ने मड़ैया घाट और विसर्जन घाट का किया लोकार्पणगोरखपुर को 1,375 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, दीपावली पर शहीदों के नाम दीया जलाने की सीएम योगी की अपीलरायबरेली के सरस मेले में आधार सेवा केंद्र का कैंप शुरू, 3 नवंबर तक मिलेगी आधार संबंधी सुविधाएंडॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर बिठूर धार्मिक यात्रा शुरू, 54 श्रद्धालुओं का दल कानपुर के लिए रवानाभाजपा के प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ में संजय सिंह चौहान को मिली जिम्मेदारी, बनाए गए सदस्यरायबरेली: सई नदी में युवक के डूबने की सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक राकेश सिंह, तलाश अभियान तेज कराने की पहलमहराजगंज में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडीयुवाओं के भरोसे को राकेश सिंह ने बताया अपनी ताकत, हरचंदपुर के सम्मान को लेकर कही बड़ी बातमऊ को 5.31 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री ए.के. शर्मा ने मड़ैया घाट और विसर्जन घाट का किया लोकार्पणगोरखपुर को 1,375 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, दीपावली पर शहीदों के नाम दीया जलाने की सीएम योगी की अपीलरायबरेली के सरस मेले में आधार सेवा केंद्र का कैंप शुरू, 3 नवंबर तक मिलेगी आधार संबंधी सुविधाएंडॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर बिठूर धार्मिक यात्रा शुरू, 54 श्रद्धालुओं का दल कानपुर के लिए रवानाभाजपा के प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ में संजय सिंह चौहान को मिली जिम्मेदारी, बनाए गए सदस्यरायबरेली: सई नदी में युवक के डूबने की सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक राकेश सिंह, तलाश अभियान तेज कराने की पहलमहराजगंज में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
लखनऊ

गोरखपुर को 1,375 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, दीपावली पर शहीदों के नाम दीया जलाने की सीएम योगी की अपील

दिनांक: Sunday, 01 November 2026 | समय: 07:21 PM | लेखक: | श्रेणी: लखनऊ
  • गोड़धोइया नाला फेज-1 का लोकार्पण और दूसरे चरण सहित सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास; बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को विशेष मुआवजा पैकेज देने की घोषणा

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है। उनके अनुसार, जब भी पार्टी को मौका मिलता है, उसके लोग जमीन पर कब्जा करने निकल पड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गरीबों और व्यापारियों की जमीन पर कब्जा करना समाजवादी पार्टी के लोगों की प्रवृत्ति रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बिछिया पुल के पास 495 करोड़ रुपये की लागत वाले गोड़धोइया नाला फेज-1 के लोकार्पण और 880 करोड़ रुपये की लागत वाली फेज-2 तथा सीवरेज परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

दीपावली से पूर्व गोरखपुर को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने दीपावली से पूर्व गोरखपुर महानगर के 17 वार्डों को जलभराव से राहत दिलाने के उद्देश्य से बिछिया पुल के निकट 495 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली गोड़धोइया नाला परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली परियोजना के द्वितीय चरण, सीवरेज योजना जोन-ए तीन तथा समानांतर सर्विस रोड का शिलान्यास किया। उन्होंने रेलवे लाइन के उत्तरी क्षेत्र के सभी निवासियों को इस बड़ी सौगात की बधाई दी।

सपा के आतंक में अपनी ही हवेलियां गिराने को मजबूर थे लोग: मुख्यमंत्री

पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले गोरखपुर में केंचुए की चाल की तरह रेंगते हुए चलना पड़ता था। चारों ओर जाम, गंदगी, जलभराव और माफिया व मच्छरों का आतंक था। उन्होंने बताया कि गोरखपुर जेल बाईपास रोड पर एक प्रतिष्ठित और रईस परिवार ने सपा सरकार के समय माफियाओं के डर से अपनी जमीन बचाने के लिए रातोंरात खुद ही अपनी दोनों हवेलियां गिरा दी थीं, ताकि कम से कम जमीन उनके कब्जे में रह सके।

इसी तरह आर्यनगर में भी एक माफिया ने प्रतिष्ठित परिवार की हवेली पर कब्जा करने का प्रयास किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय बतौर सांसद वह स्वयं मौके पर गए थे और जनता से इन गुंडों का मुकाबला करने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की संपत्ति पर कब्जा करने से पहले कोई भी दस बार सोचेगा, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

अपराधियों के लिए जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले असुरक्षा के वातावरण के कारण बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं और व्यापारी सुरक्षित माहौल में कारोबार नहीं कर पाते थे। सुरक्षा की कमी के चलते निवेश भी नहीं होता था और शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी बेटियों और बहनों को सुरक्षा नहीं दे सकता, उसके लिए इससे अधिक नारकीय स्थिति दूसरी नहीं हो सकती।

मुख्यमंत्री के अनुसार, उनकी सरकार ने ऐसे अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। आज किसी युवा के जीवन के साथ खिलवाड़ करने या राह चलती बेटी के साथ जबरन छेड़खानी करने का दुस्साहस करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध करने वालों को जेल जाना पड़ेगा।

बिना मकान तोड़े बना साढ़े सात किलोमीटर लंबा नाला

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले की सरकारों की नीतियों के कारण गंदगी, जलभराव और अशुद्ध पेयजल से इंसेफेलाइटिस, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां फैलती थीं, जिनसे हजारों बच्चे असमय काल के गाल में समा जाते थे।

उन्होंने कहा कि गोड़धोइया नाले के निर्माण से गोरखपुर को मच्छर और माफिया से मुक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हुई है। जब शहर मच्छर और माफिया से मुक्त होता है तो विकास तेजी से आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने नाला निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं उनके सामने रखी थीं। इसके बाद अवैध कब्जे हटाते हुए पहले से बने मकानों को नुकसान पहुंचाए बिना 7 किलोमीटर 750 मीटर लंबा और चौड़ा आरसीसी नाला तैयार किया गया। इसके दोनों ओर सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है। अब उपचार के बाद ही पानी रामगढ़ ताल में जाएगा, जिससे ताल की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहेगी। नाले के दोनों ओर वैकल्पिक मार्ग के रूप में सड़क बनाई जाएगी और वृक्षारोपण भी होगा।

इसके अलावा धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर होते हुए जाने वाले नाले को भी पक्का आरसीसी नाला बनाने के लिए नगर निगम को धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

रेलवे कॉलोनी और राप्तीनगर समेत 17 वार्डों को जलभराव से मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं का विवरण देते हुए बताया कि पहले चरण में लगभग 500 करोड़ रुपये की योजना के तहत आरसीसी नाले के साथ साढ़े 17 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज कल्वर्ट का कार्य पूरा किया गया है।

दूसरे चरण में लगभग 794 करोड़ रुपये की लागत से 17 वार्डों के कैचमेंट एरिया से जुड़ी 342 किलोमीटर सीवर लाइन, 45 हजार सीवर कनेक्शन तथा 27 एमएलडी और साढ़े 37 एमएलडी क्षमता वाले दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।

इससे रेलवे कॉलोनी बिछिया, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर सहित उत्तरी क्षेत्र के मोहल्लों की ढाई से तीन लाख आबादी को लाभ मिलेगा।

मुंबई से आकर गोरखपुर में बसे रवि किशन

नए उत्तर प्रदेश और नए गोरखपुर की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामगढ़ ताल की तरफ कोई जाने का नाम नहीं लेता था। पहले लोग घूमने के लिए मुंबई जाते थे, लेकिन अब मुंबई से सांसद रवि किशन ने भी गोरखपुर में रामगढ़ ताल के किनारे अपना ठिकाना बना लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यहां का युवा नौकरी के लिए बाहर जाता था, लेकिन अब सुरक्षा और स्वच्छता के कारण बाहर के लोग गोरखपुर में रोजगार के लिए आ रहे हैं। आज गोरखपुर में चारलेन कनेक्टिविटी, फर्टिलाइजर कारखाना, एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, चार विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल, आयुष विश्वविद्यालय और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि गीडा निवेश का बेहतर केंद्र बना है, जहां पिछले 10 वर्षों में 50 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार मिला है। वहां नई चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री जैसे बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं।

दीपावली पर शहीदों के नाम एक दीया जलाने और स्वदेशी अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि आज हम सभी जिस स्वतंत्र और सुरक्षित वातावरण में अपने पर्व और त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं तथा बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है, उसके पीछे हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद और देश के अमर क्रांतिकारियों तथा वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान है।

मुख्यमंत्री ने अपील की कि इस दीपावली पर जब हर घर में उत्सव के दीप जलें, तब प्रत्येक नागरिक देश की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों और सीमा पर राष्ट्र की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों के सम्मान में एक दीया अवश्य जलाए।

इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और हस्तशिल्पियों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए मिट्टी के दीयों और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को साकार करने का भी आह्वान किया।

वर्षा और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए विशेष मुआवजा पैकेज

अन्नदाता किसानों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में दो बार चक्रवात के कारण असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी जिला प्रशासनों को समय पर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए विशेष मुआवजा पैकेज उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गरीबों को मकान, उज्ज्वला कनेक्शन और आयुष्मान भारत जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। युवा अब स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़कर केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं रह गए हैं, बल्कि रोजगार देने वाले बनकर दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराने की क्षमता अर्जित कर रहे हैं।

सालाना नौ लाख यूनिट बिजली की बचत

कार्यक्रम में एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसके अनुसार, अमृत योजना के तहत 262 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन और 50 हजार से अधिक घरेलू कनेक्शन का काम पूरा हो चुका है। वहीं, अमृत-2 के तहत सवा दो लाख लोगों के लिए पेयजल संबंधी कार्य शुरू हो गया है।

फिल्म में बताया गया कि गोड़धोइया नाला स्थित एसटीपी में लगाए गए अत्याधुनिक टर्बो ब्लोअर से सालाना नौ लाख यूनिट बिजली की बचत हो रही है। वहीं, नाले से प्रति सेकंड 42 हजार लीटर वर्षा जल की निकासी हो रही है।

कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे मौजूद

समारोह में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ला, श्रवण निषाद, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्त और पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्त सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

संबंधित ख़बरें

लखनऊ

मऊ को 5.31 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री ए.के. शर्मा ने मड़ैया घाट और विसर्जन घाट का किया लोकार्पण

01 November 2026

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार देर रात मऊ में 531.5 लाख रुपये की लागत से…

लखनऊ

डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर बिठूर धार्मिक यात्रा शुरू, 54 श्रद्धालुओं का दल कानपुर के लिए रवाना

01 November 2026

शकील अहमद लखनऊ। डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर सरोजनीनगर में श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों…

लखनऊ

भाजपा के प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ में संजय सिंह चौहान को मिली जिम्मेदारी, बनाए गए सदस्य

01 November 2026

शकील अहमद सरोजनीनगर (लखनऊ)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष संजय सिंह चौहान को पार्टी के…