रायबरेली के सरस मेले में आधार सेवा केंद्र का कैंप शुरू, 3 नवंबर तक मिलेगी आधार संबंधी सुविधाएं

- सीडीओ अंजुलता ने नागरिकों से कैंप का लाभ उठाने की अपील की; मालिकमऊ-सुल्तानपुर रोड पर सातों दिन खुला रहेगा नया आधार सेवा केंद्र
रायबरेली। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रिफॉर्म क्लब, रायबरेली में 1 नवंबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले में आधार सेवा केंद्र का कैंप स्थापित किया गया है। इस कैंप के माध्यम से नागरिक अपने आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न आवश्यक सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों को अपने आधार कार्ड में संशोधन, विवरण का अपडेट अथवा नए आधार कार्ड के लिए पंजीकरण कराना है, वे सरस मेले में पहुंचकर आधार सेवा केंद्र के कैंप का लाभ उठा सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सुलभ कराना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने आगे बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मालिकमऊ, सुल्तानपुर रोड पर उन्नत सुविधाओं से युक्त नया आधार सेवा केंद्र भी UIDAI द्वारा स्थापित किया गया है। इस केंद्र पर सप्ताह के सातों दिन आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे उन नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी, जो कार्यदिवसों में समयाभाव के कारण अपने अथवा परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड से संबंधित कार्य नहीं करा पाते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के लिए आवश्यक कार्यों में आधार कार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में आधार कार्ड में दर्ज विवरण का सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है। अभिभावक अपने बच्चों के आधार कार्ड से संबंधित आवश्यक कार्य समय से पूरा कराएं, ताकि उन्हें विद्यालय से जुड़ी सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जो अभिभावक अथवा नागरिक कार्यदिवसों में व्यस्तता के कारण आधार संबंधी कार्य नहीं करा पाते हैं, वे रविवार अथवा अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन भी मालिकमऊ, सुल्तानपुर रोड स्थित आधार सेवा केंद्र पर पहुंचकर अपने, अपने बच्चों तथा परिवार के अन्य सदस्यों के आधार कार्ड में संशोधन, विवरण का अपडेट अथवा नए आधार कार्ड के लिए पंजीकरण कराने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।