रायबरेली में 24.16 लाख से बने बाल विकास परियोजना कार्यालय का लोकार्पण, 21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

सदर विधायक अदिति सिंह ने अमावां में किया कार्यालय का उद्घाटन, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, दो बच्चों का अन्नप्राशन और 11 बेटियों का मनाया गया जन्मोत्सव
रायबरेली। विकासखंड अमावां में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को नई सौगात मिली है। सदर विधायक अदिति सिंह ने 24 लाख 16 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय अमावां का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अमावां, राही एवं नगर क्षेत्र की नवचयनित 21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विधायक अदिति सिंह ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। वहीं, जिला प्रोबेशन अधिकारी की ओर से 11 बेटियों का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया।
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने सभी नवचयनित कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण और नियुक्ति पत्रों का वितरण क्षेत्र में बाल विकास सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विभागीय कार्यों के संचालन और योजनाओं के क्रियान्वयन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सुरेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अमावां अलका सक्सेना, बाल विकास परियोजना अधिकारी छतोह शिवशरण तथा मुख्य सेविका संध्या सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
