पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की जल सारथी ऐप पर दें सूचना, होगी पुनर्स्थापना

सड़क की क्षतिग्रस्त स्थिति की फोटो-वीडियो अपलोड कर ग्रामीण दर्ज करा सकेंगे शिकायत
पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने की व्यवस्था
पेयजल योजनाओं के कार्यों में गुणवत्ता पर जोर
जल सारथी ऐप पर ऐसे दर्ज करें शिकायत
रायबरेली। अधिशासी अभियंता, उ०प्र० जल निगम (ग्रामीण) रायबरेली रणविजय सिंह ने बताया है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान यदि कहीं सड़क क्षतिग्रस्त हुई है और उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है तो ग्रामीण इसकी सूचना जल सारथी ऐप के माध्यम से दे सकते हैं।
ऐप पर सड़क की मौके से फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा सडक की पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में पेयजलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान करीब 2630.00 किलोमीटर सड़क खोदी गई, जिसमें से अब तक 2619.00 किलोमीटर सडकों की पुनर्स्थापना कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
पुनर्स्थापना कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा न हो। सड़क पुनर्स्थापना कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंता की जवाबदेही भी तय की जाएगी। कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया है कि यदि आपके गांव में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क खोदी गई है और अब तक उसकी मरम्मत नहीं हुई है तो जल सारथी ऐप पर मौके की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिन स्थानों पर अभी तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो सकी है, वहां लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की पुनर्स्थापना पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
