डीएम की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के दिए गए निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (शहरी एवं ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, निर्माणाधीन कार्यों की वर्तमान स्थिति, परियोजनाओं की प्रगति और पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों के रेस्टोरेशन की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के लिए अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। इसके लिए संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखें।
पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की जल्द हो मरम्मत
बैठक में जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान कटिंग की गई सड़कों के रेस्टोरेशन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) रणविजय सिंह, सहायक अभियंता जल निगम (शहरी) राजीव त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
