सरोजनी नगर के सातों छठ घाटों पर रही कड़ी सुरक्षा, थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति के नेतृत्व में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ पर्व

छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस रही मुस्तैद
थाना प्रभारी ने आयोजन समितियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग के प्रति जताया आभार
शकील अहमद
सरोजनी नगर (लखनऊ)। राजधानी में लोकआस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय वातावरण से सरोजिनी नगर क्षेत्र गूंज उठा। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन खरना पूजन के साथ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ किया।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर सरोजिनी नगर पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आई।
छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सरोजिनी नगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति ने विशेष तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए।
क्षेत्र के सभी सात छठ घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा के कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए गए। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुविधा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया। पुलिस की मुस्तैदी और समर्पित प्रयासों से छठ महापर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
थाना प्रभारी का संदेश
थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छठ महापर्व आस्था, विश्वास और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हमारा प्रयास रहा कि छठी मैया के प्रत्येक भक्त को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी सात घाटों पर पुलिसकर्मियों ने पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाई।
उन्होंने श्रद्धालुओं, आयोजन समितियों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का सहयोग ही शांतिपूर्ण आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है।
