महराजगंज: पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की मौत, बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। थाना क्षेत्र के बैसार गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के पुत्र ने गांव के ही श्यामकरन गुप्ता, उनके पुत्र अर्जुन, एक अज्ञात पुत्र और दीपू पुत्र अज्ञात पर अपने पिता के साथ मारपीट कर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि 16 नवंबर 2026 को उसके पिता कृष्णा गुप्ता के साथ गांव के श्यामकरन गुप्ता, उनके पुत्र अर्जुन, एक अज्ञात पुत्र और दीपू ने पुरानी बातों को लेकर मारपीट की और उन्हें जान से मार दिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बृजमनगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बृजमनगंज मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
