रायबरेली में जनगणना-2027 को लेकर निकली 500 बाइकों की जागरूकता रैली, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कलेक्ट्रेट से निकली रैली
सीडीओ अंजुलता ने अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को दिलाई स्वगणना की शपथ
रायबरेली। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत आम जनमानस को स्वगणना के प्रति जागरूक करने एवं अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार से स्वगणना जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस जागरूकता रैली में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में लगभग 500 बाइक शामिल रहीं। इसके माध्यम से जनसामान्य को जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना के महत्व एवं उपयोगिता के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर सिविल लाइन चौराहा, गोल चौराहा, रतापुर चौराहा और त्रिपुला चौराहा होते हुए जहानाबाद चौकी बस स्टॉप से गुजरी। इसके बाद रैली राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने आमजन को स्वगणना के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित किया।
सीडीओ ने दिलाई स्वगणना की शपथ
रैली के समापन के बाद मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वगणना करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने जनगणना-2027 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने परिवार, आस-पड़ोस एवं अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे जनगणना का कार्य अधिक प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, आशुतोष तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
