घर में सेंधमारी, जमीन खोदकर जेवरात तक ले गए चोर! 70 हजार नकदी भी गायब, आखिर कहां है खीरों पुलिस?

रायबरेली। जिले में चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब लोगों के घरों की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनती जा रही है। वहीं, पीड़ितों को अपनी शिकायत लेकर पुलिस के दरवाजे तक पहुंचना पड़ रहा है।
थाना खीरों क्षेत्र के अखऊपुर से सामने आए एक मामले में पीड़िता केकती पत्नी स्वर्गीय बिंदर ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर घर में चोरी होने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, घर में रखे धान और गेहूं की बोरियों के अलावा जमीन में छिपाकर रखे गए जेवरात और करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया और जमीन खोदकर वहां छिपाए गए कीमती सामान तक को निकाल ले गए।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में घटना से जुड़ी परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए पुलिस से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल पुलिस की जिम्मेदारी पर
आखिर आम नागरिक अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है तो सुरक्षा का भरोसा किसके सहारे रहेगा? क्या पुलिस का काम केवल शिकायत प्राप्त कर लेना है या पीड़ित को न्याय दिलाना भी उसकी जिम्मेदारी है?
चोरी की वारदातों में समय पर जांच, घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य जुटाना और आरोपियों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। यदि ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई नहीं होती तो अपराधियों के हौसले बढ़ना स्वाभाविक है।
अब सवाल खीरों पुलिस से है कि क्या इस शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच की जाएगी? क्या चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास होंगे? और क्या पीड़िता को न्याय मिल सकेगा?
पुलिस प्रशासन को यह समझना होगा कि आम जनता की शिकायत कोई कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि न्याय की उम्मीद होती है। वर्दी की असली जिम्मेदारी केवल कानून का डर दिखाना नहीं, बल्कि पीड़ित को सुरक्षा और न्याय का भरोसा देना भी है।
अब देखना यह है कि कि खीरों पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता दिखाती है या फिर यह शिकायत भी थाने की फाइलों में दबकर रह जाएगी।
