डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर लखनऊ आएंगे बागेश्वर धाम सरकार के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, प्रस्तावित है श्री हनुमंत कथा का आयोजन

सरोजनीनगर विधायक के प्रयासों से राजधानी में सजेगा भक्ति और सनातन संस्कृति का मंच, श्रद्धालुओं को मिलेगा श्री हनुमंत कथा में शामिल होने का अवसर
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ की धरती एक बार फिर भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के संगम की साक्षी बनने जा रही है। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के विशेष प्रयासों से बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का लखनऊ आगमन प्रस्तावित है। इस अवसर पर श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त हनुमान जी की महिमा पर आधारित इस धार्मिक आयोजन में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने मुखारविंद से श्री हनुमंत कथा सुनाएंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, शक्ति, सेवा, समर्पण और सनातन धर्म के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की इस पहल को धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके प्रयासों से प्रस्तावित यह आयोजन श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक आस्था को नई ऊर्जा देने के साथ ही समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और आपसी सद्भाव का संदेश प्रसारित कर सकता है।
श्री हनुमंत कथा के आयोजन से लखनऊ सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भी आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में यह आयोजन प्रेरणादायक साबित हो सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से श्री हनुमंत कथा में सम्मिलित होकर भगवान बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है। आयोजन को लेकर भक्तों में उत्सुकता है और श्रद्धालु पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लखनऊ आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
