महाराजगंज: बृजमनगंज में मुर्गा लदी पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक गिरफ्तार

खेत से सब्जी लेकर मोहनपुर बाजार जा रहे थे 25 वर्षीय आशीष
बाबा चौराहे पर पीछे से पिकअप ने मारी टक्कर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कवलपुर स्थित बाबा चौराहे पर मुर्गा लदी पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोल्हुई थाना क्षेत्र के इलाहाबास गांव निवासी 25 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है। वह अपने खेत से सब्जी लेकर मोहनपुर बाजार बेचने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, आशीष बाइक से सब्जी लेकर मोहनपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बाबा चौराहे पर पीछे से आ रही मुर्गा लदी पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण उन्हें बृजमनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महाराजगंज भेजा गया है। पुलिस ने चालक समेत पिकअप को पकड़ लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
