महराजगंज: पोखरे में डूबे ओमप्रकाश का 60 घंटे बाद मिला शव, तीन दिन से चल रही थी तलाश

बृजमनगंज थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में सोमवार सुबह पानी में उतराता मिला शव
एसएसबी और एसडीआरएफ ने दो दिन तक चलाया था खोज अभियान
सौरभ जायसवाल
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र की ग्राम सभा बंजरहा सोनबरसा के टोला फुलवरिया में पोखरे में डूबे 38 वर्षीय युवक ओमप्रकाश का शव करीब 60 घंटे बाद सोमवार सुबह सात बजे बरामद हुआ। शव पानी में फूलकर ऊपर उतराने लगा था। सबसे पहले परिजनों की नजर उस पर पड़ी। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम करीब सात बजे ओमप्रकाश पुत्र रामदास घर के बगल स्थित पोखरे के पास गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और तलाश अभियान में जुट गई।
शनिवार और रविवार को एसएसबी तथा एसडीआरएफ की टीमों ने पोखरे में खोज अभियान चलाया। इस दौरान जाल डालकर और गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार प्रयासों के बावजूद युवक का पता नहीं चलने पर रविवार शाम राहत एवं बचाव दल वापस लौट गया था।
इसके बाद सोमवार सुबह करीब सात बजे पोखरे के पानी में शव फूलकर ऊपर उतराता दिखाई दिया। परिजनों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। खबर फैलते ही गांव के लोगों की भीड़ पोखरे के पास जुट गई। तीन दिनों से युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि पोखरे में डूबे युवक की तलाश के लिए पुलिस और राहत-बचाव टीम ने लगातार अभियान चलाया था। सोमवार सुबह करीब सात बजे परिजनों ने पोखरे में शव उतराता देखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
