बजट: पूर्व बैठक में सीटू की मांग! ₹42 हजार न्यूनतम वेतन, मनरेगा की बहाली और पुरानी पेंशन योजना लागू हो

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को सौंपे गए वक्तव्य में श्रमिक संगठन ने आर्थिक नीतियों में बुनियादी बदलाव की मांग की
सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, सार्वजनिक स्वास्थ्य और शिक्षा पर खर्च बढ़ाने का भी उठाया मुद्दा
नई दिल्ली। भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) ने आगामी केंद्रीय बजट को लेकर आर्थिक नीतियों में बुनियादी बदलाव की मांग की है। संगठन ने श्रमिकों के लिए कम से कम 42 हजार रुपये मासिक राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन, प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 200 दिनों के रोजगार की गारंटी, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली और सभी श्रमिकों के लिए व्यापक सामाजिक सुरक्षा ढांचा लागू करने की मांग उठाई है।

सीटू महासचिव एलमारम करीम ने 20 नवंबर 2026 को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से बुलाई गई ट्रेड यूनियनों की बजट-पूर्व बैठक में अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। यह वक्तव्य संजय पराते द्वारा अनूदित है।
ट्रेड यूनियनों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर जताया विरोध
सीटू महासचिव ने बैठक में कुछ प्रमुख मान्यता प्राप्त केंद्रीय ट्रेड यूनियन संगठनों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर आश्चर्य और गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के पिछले कार्यकाल में हुई बजट-पूर्व बैठकों के विपरीत इस बार मेहनतकश लोगों के बड़े तबकों का प्रतिनिधित्व करने वाले कुछ संगठनों को शामिल नहीं किया गया। संगठन ने इसे भेदभावपूर्ण और चयनात्मक रवैया बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
कॉरपोरेट को रियायतें, लेकिन रोजगार और वेतन में अपेक्षित वृद्धि नहीं
करीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिक्की की बैठक में की गई हालिया टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉरपोरेट क्षेत्र को दी गई भारी कर रियायतें और प्रोत्साहन निवेश, रोजगार सृजन तथा वेतन में आनुपातिक वृद्धि में तब्दील नहीं हुए हैं। उनके अनुसार, आर्थिक नीतियों का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना और उत्पादन बढ़ाना नहीं होना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी होना चाहिए कि विकास से सम्मानजनक रोजगार, बेहतर वेतन, क्रय शक्ति और सामाजिक सुरक्षा बढ़े।
सीटू ने आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2024 में कॉरपोरेट मुनाफा जीडीपी के 4.8 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो पिछले 15 वर्षों का उच्चतम स्तर था। इसमें 22.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि रोजगार में केवल 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। संगठन के अनुसार, सूचीबद्ध कंपनियों का कर्मचारी व्यय भी पिछले वर्ष के 17 प्रतिशत के मुकाबले केवल 13 प्रतिशत बढ़ा।
वक्तव्य में नवंबर 2026 में नीति आयोग के 14 उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं के आकलन का भी उल्लेख किया गया। सीटू के मुताबिक, मार्च 2026 तक इन योजनाओं ने निवेश लक्ष्य का 76 प्रतिशत और उत्पादन लक्ष्य का 64 प्रतिशत हासिल किया था, जबकि रोजगार लक्ष्य का केवल 28 प्रतिशत पूरा हुआ। लगभग 30.18 लाख नौकरियों के लक्ष्य के मुकाबले 8.49 लाख रोजगार सृजित होने का दावा किया गया।
चार श्रम संहिताएं निरस्त करने की मांग
सीटू ने 21 नवंबर 2025 को लागू की गई चार श्रम संहिताओं को निरस्त करने की मांग की। संगठन का कहना है कि ये संहिताएं श्रमिकों की सुरक्षा और सामूहिक सौदेबाजी के अधिकारों को कमजोर करती हैं तथा कामकाजी परिस्थितियों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। सीटू ने वास्तविक त्रिपक्षीय परामर्श के माध्यम से मौजूदा श्रम सुरक्षा उपायों को बहाल करने की मांग की।
मनरेगा बहाली और शहरी रोजगार गारंटी की मांग
वक्तव्य में वीबी-ग्राम-जी अधिनियम के माध्यम से मनरेगा को प्रतिस्थापित किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई। सीटू ने बजट 2026-27 में मनरेगा के लिए 30 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्ष के संशोधित अनुमानों में यह राशि 88 हजार करोड़ रुपये थी। संगठन ने नए वीबी-ग्राम-जी ढांचे के तहत 95,692 करोड़ रुपये के प्रावधान का भी जिक्र किया।
सीटू ने प्रत्येक ग्रामीण परिवार के लिए न्यूनतम 200 दिनों के रोजगार की गारंटी, पर्याप्त बजटीय आवंटन और वैधानिक न्यूनतम मजदूरी के भुगतान के साथ मनरेगा बहाल करने की मांग की। साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी रोजगार गारंटी योजना लागू करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें बुनियादी ढांचे, जल संरक्षण और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े उपयोगी एवं पर्यावरण अनुकूल कार्य शामिल हों।
42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और व्यापक सामाजिक सुरक्षा
संगठन ने सभी क्षेत्रों और रोजगार श्रेणियों के श्रमिकों के लिए नियमित संशोधन तथा प्रभावी क्रियान्वयन के साथ कम से कम 42 हजार रुपये प्रति माह राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की मांग की। इसके साथ ही समान काम के लिए समान वेतन और ठेकाकरण तथा आउटसोर्सिंग के जरिए होने वाले शोषण को समाप्त करने की बात कही।
आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 में पीएलएफएस 2023-24 के आधार पर दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए सीटू ने कहा कि नियमित वेतनभोगी श्रमिकों की औसत मासिक आय 20,702 रुपये के मुकाबले स्वरोजगार करने वाले श्रमिकों की औसत आय केवल 13,279 रुपये थी। संगठन ने इसे स्वरोजगार और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की आर्थिक असुरक्षा का संकेत बताया।
सीटू ने स्वरोजगार, असंगठित और प्लेटफॉर्म श्रमिकों सहित सभी श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा, मातृत्व लाभ, दुर्घटना बीमा और आय सुरक्षा को शामिल करते हुए व्यापक सामाजिक सुरक्षा ढांचा लागू करने की मांग की। नियमित वेतनभोगी रोजगार से बाहर के लोगों के लिए सार्वजनिक रूप से वित्तपोषित आय सहायता के माध्यम से 42 हजार रुपये की न्यूनतम मासिक आय की गारंटी देने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा संगठन ने सभी सरकारी सेवाओं में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और इसके लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान करने का आग्रह किया।
बुजुर्गों के लिए 21 हजार रुपये मासिक पेंशन की मांग
सीटू ने बुजुर्गों की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई और स्वास्थ्य सेवाओं की लागत के कारण पेंशन से वंचित लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। संगठन के अनुसार, 2026-27 में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के लिए 9,671 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो कई वर्षों से लगभग स्थिर है।
सीटू ने सभी बुजुर्गों के लिए रोजगार के इतिहास अथवा किसी पेंशन योजना में योगदान की शर्त के बिना कम से कम 21 हजार रुपये की सार्वभौमिक, गैर-अंशदायी मासिक पेंशन देने की मांग की।
सरकारी विभागों के रिक्त पद भरने और संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग
वक्तव्य में सरकार से प्रमुख नियोक्ता के रूप में जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। सीटू ने सरकारी विभागों, अर्ध-सरकारी प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में सभी रिक्त पद तत्काल भरने की मांग की। इसके साथ ही पात्र संविदा और अन्य गैर-नियमित श्रमिकों को नियमित करने के लिए समयबद्ध नीति बनाने, नौकरी की सुरक्षा देने तथा समान काम के लिए समान वेतन और सेवा लाभ सुनिश्चित करने की बात कही।
कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा पर सार्वजनिक निवेश बढ़ाने का आग्रह
सीटू ने मुक्त व्यापार समझौतों के उन प्रावधानों को रोकने की मांग की, जिनसे घरेलू उत्पादन क्षमता कमजोर होने और कृषि क्षेत्र पर आयात प्रतिस्पर्धा का दबाव बढ़ने की आशंका है। संगठन ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, सार्वजनिक खरीद को मजबूत करने और सार्वभौमिक सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की रक्षा करने की मांग भी उठाई।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सार्वजनिक व्यय बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सीटू ने बजट 2026-27 में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के लिए 1,06,530 करोड़ रुपये और शिक्षा मंत्रालय के लिए 1,39,289 करोड़ रुपये के आवंटन का उल्लेख किया। संगठन ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर जीडीपी का कम से कम 3 प्रतिशत और शिक्षा पर 6 प्रतिशत खर्च करने के लिए केंद्र और राज्यों के संयुक्त व्यय का रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए।
सीटू ने सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी स्कूलों, उच्च शिक्षा संस्थानों, अनुसंधान संस्थानों तथा स्थायी शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती को प्राथमिकता देने की मांग की।
एआई और ऑटोमेशन से प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा की मांग
सीटू ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन जैसी उभरती तकनीकों से रोजगार और आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों का सावधानीपूर्वक प्रबंधन जरूरी है। संगठन ने तकनीकी बदलाव के कारण रोजगार प्रभावित होने वाले श्रमिकों के लिए सार्वजनिक वित्तपोषण से रीस्किलिंग और अपस्किलिंग, वेतन सुरक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने वाली व्यापक राष्ट्रीय नीति बनाने की मांग की।
साथ ही युवाओं को नई तकनीकों के अनुरूप कौशल प्रदान करने के लिए सार्वजनिक शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने तथा इसके लिए पर्याप्त बजट आवंटित करने की बात कही।
अमीरों पर संपत्ति और विरासत कर लगाने की मांग
सीटू ने सार्वजनिक व्यय के लिए संसाधन जुटाने की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अप्रत्यक्ष करों, पेट्रोलियम उत्पादों पर शुल्क, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों से राजस्व और सार्वजनिक संपत्तियों के मुद्रीकरण एवं निजीकरण पर निर्भर हो रही है। संगठन ने इस नीति में बदलाव और प्रगतिशील कराधान व्यवस्था लागू करने की मांग की।
वक्तव्य में वर्ल्ड इनइक्वलिटी लैब के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया कि 2022-23 में भारत के सबसे अमीर एक प्रतिशत लोगों के पास देश की लगभग 40.1 प्रतिशत संपत्ति थी और उन्हें राष्ट्रीय आय का 22.6 प्रतिशत हिस्सा प्राप्त हुआ था।
सीटू ने अति-अमीरों पर प्रभावी संपत्ति कर, संपत्ति के बड़े हस्तांतरण पर विरासत अथवा एस्टेट कर तथा असाधारण कॉरपोरेट मुनाफे और भारी संपत्ति संचय पर अधिक प्रभावी कराधान लागू करने की मांग की। संगठन ने कहा कि भारत को ऐसी प्रगतिशील कर व्यवस्था की ओर बढ़ना चाहिए, जिसमें अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले वर्ग राष्ट्रीय विकास में आनुपातिक रूप से अधिक योगदान दें।
रोजगार, वेतन और सामाजिक सुरक्षा को आर्थिक नीति के केंद्र में रखने की मांग
अपने वक्तव्य के अंत में एलमारम करीम ने कहा कि किसी अर्थव्यवस्था की मजबूती केवल जीडीपी, शेयर बाजार या कॉरपोरेट मुनाफे से नहीं मापी जानी चाहिए। इसका वास्तविक आकलन रोजगार की गुणवत्ता, वेतन, जीवन स्तर और नागरिकों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा के आधार पर होना चाहिए।
सीटू का कहना है कि श्रमिकों की क्रय शक्ति बढ़ाना कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं, बल्कि घरेलू मांग मजबूत करने, उत्पादक निवेश को प्रोत्साहित करने और टिकाऊ आर्थिक विकास सुनिश्चित करने की अनिवार्य शर्त है।
संगठन ने केंद्र सरकार से आगामी केंद्रीय बजट के माध्यम से वर्तमान नीतिगत दिशा में बदलाव करने और रोजगार सृजन, उच्च वेतन, सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, सार्वजनिक निवेश तथा प्रगतिशील कराधान को देश की आर्थिक रणनीति के केंद्र में रखने का आग्रह किया।
