रायबरेली। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र 177- बछरांवा (अजा) में विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाली स्थित बूथ संख्या 258 और कुसुढ़ी–सागरपुर स्थित बूथ संख्या 245 का स्थलीय निरीक्षण कर बीएलओ से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, मतदाताओं से संपर्क, तथा मोबाइल एप पर की जा रही मार्किंग की स्थिति विस्तार से जानी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि
- प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समय पर पहुँचें
- सभी प्रपत्र 4 दिसंबर 2025 तक हर हाल में संकलित कर लिए जाएं
- निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी
- सभी कार्य समयबद्धता, पारदर्शिता और ईमानदारी से पूरे किए जाएं
निरीक्षण से पहले डीएम ने तहसील महराजगंज में प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक भी की और संबंधित कार्मिकों को शत-प्रतिशत कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी महराजगंज सतेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी अहमद फरीद खान, खंड विकास अधिकारी वर्षा सिंह, एवं संबंधित बीएलओ मौजूद रहे।


















