शकील अहमद
लखनऊ। थाना कृष्णानगर पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे शातिर वारण्टी राहुल कुमार को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपित 551घ/356 नंदननगर, नटखेड़ा निवासी राहुल (32 वर्ष) न्यायालय से दोष सिद्ध होने के बाद पेशी से चकमा देकर भाग निकला था और तब से फरार चल रहा था।
कोर्ट से भागने के बाद बदल डाली पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 फरवरी 2023 को पेशी के दौरान दोष सिद्ध होने पर जैसे ही उसे अभिरक्षा में लेने का आदेश हुआ, वह अदालत परिसर से चुपके से निकल गया और उसी रात ट्रेन से दिल्ली पहुंच गया।
दिल्ली में उसने अपनी दाढ़ी–मूंछ बढ़ाकर पहचान बदल ली और “कर्नल सिक्योरिटी गार्ड” के नाम से नौकरी करने लगा। इस दौरान वह लगातार पुलिस की निगरानी से बचता रहा।
मुकदमे का इतिहास
वर्ष 2015 में कृष्णानगर थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, बाद में जमानत पर रिहा किया गया। इसी मामले में अंतिम निर्णय उसके खिलाफ आने पर वह कोर्ट से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 3 दिसंबर 2025 की रात राहुल चोरी-छिपे घर लौटा। स्थानीय सूत्रों से सूचना मिलते ही पुलिस ने 4 दिसंबर को दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना कृष्णानगर पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।


















