सरोजनीनगर में श्री शिव महापुराण कथा और विशाल रुद्र महायज्ञ हेतु भूमि पूजन, 41 फीट ऊंची श्री गणेश ध्वजा स्थापित

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सेक्टर-एफ विस्तार, एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड स्थित रामलीला मैदान में श्री शिव महापुराण कथा एवं राष्ट्र रक्षा हेतु विशाल रुद्र महायज्ञ के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं। यह भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम श्री आदि गुरु वैदिक सेवा संस्थान एवं सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के संरक्षण में 15 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगा। कथा का वाचन परम पूज्य, परम विद्वान, परम शेवाचार्य श्री प्रशांत प्रभु जी महाराज द्वारा किया जाएगा।

गुरुवार को कथा अध्यक्ष मधु यादव, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष रंजना मिश्रा, सर्वेश तिवारी एवं उनकी पत्नी सुमन तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में रामलीला मैदान में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर 41 फीट ऊंची श्री गणेश ध्वजा की स्थापना की गई, जिसे मंत्रोच्चारण एवं वैदिक विधि के साथ फहराया गया।

इस मौके पर मनकामनेश्वर मंदिर की महंत दिव्या गिरी द्वारा सामूहिक मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न कराई गई, जिससे पूरा परिसर शिव भक्ति के दिव्य माहौल से गूँज उठा। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्री आदि गुरु वैदिक सेवा संस्थान समिति ने सभी भक्तगणों से आगामी कलश यात्रा एवं कथा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में संजय सिंह राठौर, बबलू सिंह सहित अनेक स्थानीय श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *