बृजमनगंज में किसान प्रशिक्षण मेला, राकेश जायसवाल बोले-किसान की उन्नति से बनेगा विकसित राष्ट्र

  • बृजमनगंज ब्लॉक में किसान प्रशिक्षण मेले में आधुनिक खेती पर दिया गया जोर

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज,महाराजगंज। जनपद महाराजगंज के बृजमनगंज ब्लॉक परिसर में आयोजित किसान प्रशिक्षण मेला क्षेत्रीय किसानों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी साबित हुआ। मेले में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष बृजमनगंज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

आधुनिक व जैविक खेती की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती के तरीकों, जैविक कृषि, उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नई तकनीकों को अपनाकर किसान न केवल लागत घटा सकते हैं, बल्कि उत्पादन और आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।

किसान ही देश की रीढ़

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश जायसवाल ने कहा कि “किसान की उन्नति से ही विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है”। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे परंपरागत खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाएं, जिससे उनकी आमदनी बढ़े और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने किसानों की उन्नति और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, श्रीकांत शुक्ला, सुधीर श्रीवास्तव, ईफको प्रतिनिधि रोहित सिंह तोमर, सभासद झीनक विश्वकर्मा, सभासद जितेंद्र कुमार, अनिल मणि त्रिपाठी, सिद्धेश्वर चौरसिया सहित बृजमनगंज ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *