शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्जनपदीय चोरी गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को चोरी का प्रयास करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त दो आला नकब तथा एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल कूटरचित नंबर प्लेट सहित बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 10 जनवरी 2026 को रात्रि गश्त के दौरान थाना सरोजनीनगर में तैनात उपनिरीक्षक अंकित कुमार व उनके हमराहियों को 112 नंबर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चौकी ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र के सेक्टर-एफ में शिखर मेहरोत्रा के मकान में कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अंकित कुमार ने तत्काल थाना के फर्स्ट मोबाइल पर तैनात रात्रिधिकारी उपनिरीक्षक साजिद बेग को अवगत कराते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर रवाना हुए।
पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए जब घटनास्थल के आसपास सघन चेकिंग की गई, तो पार्क की ओर भाग रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस व स्थानीय जनता के सहयोग से समय करीब प्रातः 04:30 बजे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर अभियुक्तों के कब्जे से दो अदद तमंचा .315 बोर, तीन अदद जिंदा कारतूस .315 बोर तथा दो अदद आला नकब बरामद हुए।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए उन्होंने जनपद लखनऊ के थाना विकासनगर क्षेत्र से एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसे उन्होंने जनपद हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में छिपाने की बात कही। हालांकि, पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल बरामद नहीं हुई।
गहराई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मोटरसाइकिल को हरदोई में न छिपाकर आउटर रिंग रोड किसान पथ, पिपरसंड रोड अमौसी क्षेत्र में छिपाया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने अमौसी कब्रिस्तान के पास जंगल में झाड़ियों से एक अदद चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल कूटरचित नंबर प्लेट सहित बरामद की।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध फर्द दाखिला के आधार पर मु0अ0सं0 0011/2026 अंतर्गत धारा 313/317(2)/318(4)/331(6)/340(2)/336(2) बीएनएस तथा धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















