कोहरे से मिली राहत: बृजमनगंज में धूप निकलते ही खिले लोगों के चेहरे

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज में कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद शनिवार सुबह मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह होते ही धूप निकल आई, जिससे लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली और जनजीवन सामान्य होता नजर आया।

लगातार कोहरा और धुंध छाए रहने के कारण आमजन काफी परेशान था। खासकर महिलाएं कपड़े न सूखने से परेशान थीं, वहीं बच्चों को ठंड और धुंध के कारण खेलने-कूदने के लिए बाहर निकलने में कठिनाई हो रही थी। दिनभर सूरज के दर्शन न होने से तापमान में गिरावट बनी हुई थी।

शनिवार सुबह सूर्य देव के दर्शन होते ही लोगों के चेहरे खिल उठे। घरों की छतों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग धूप सेंकते नजर आए। बुजुर्गों ने जहां ठंड से राहत महसूस की, वहीं बच्चों और महिलाओं ने भी खुले वातावरण में राहत का अनुभव किया।

हालांकि रात के समय ठंड अब भी बनी हुई है, लेकिन सुबह-सुबह धूप निकलने से मौसम में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा और जनजीवन पूरी तरह पटरी पर लौटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *