सरधना हत्याकांड: मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

मेरठ/लखनऊ। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने मेरठ जनपद के सरधना क्षेत्र में युवक सोनू कश्यप की हत्या की घटना के बाद बुधवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष, गंभीर और त्वरित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून के शासन और जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है, ऐसे में अपराधी चाहे जो भी हो, उसे कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी।

मंत्री ने मृतक सोनू के परिजनों को एक लाख रुपये की निजी आर्थिक सहायता प्रदान की और भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से उपलब्ध सभी वैधानिक सहायता व सुविधाएं भी परिवार को दिलाई जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना ही नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को संबल और भरोसा देना भी है।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ऐसी दुखद घटनाओं पर राजनीति करने का प्रयास करते हैं, जबकि योगी सरकार संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों के साथ खड़ी होकर ठोस और प्रभावी कार्रवाई करती है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मंत्री कश्यप ने विश्वास जताया कि प्रशासनिक कार्रवाई के माध्यम से पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलेगा और प्रदेश में कानून का राज और अधिक सुदृढ़ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *