रायबरेली में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: डीएम-एसपी ने ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड व अवैध कट पर कार्रवाई के दिए निर्देश

रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा करते हुए यातायात को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के एजेंडे में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से बनाए गए कटों को बंद कराना, हाईवे पर नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग, पार्किंग व्यवस्था, सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रवर्तन कार्रवाई, इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस में दुर्घटनाओं की अद्यतन प्रविष्टि, प्रमुख चौराहों को यातायात की दृष्टि से सुगम बनाना, सड़कों से अतिक्रमण हटाना तथा ब्लैक स्पॉट्स के निवारण की समीक्षा शामिल रही।

जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली और सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत बिना फिटनेस के संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मानक विहीन एवं पुराने वाहनों को सीज करने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर एंबुलेंस पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देते हुए ‘हिट एंड रन’ मामलों में परिवहन विभाग को कराधान अधिनियम एवं नियमावली के अंतर्गत प्रतिकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद कटियार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह, एसीएमओ डॉ. अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts