ऊंचाहार सीएचसी में कन्या जन्मोत्सव, बालिकाओं को मिला सम्मान

रायबरेली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को लेकर समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने नवजात बालिकाओं को बेबी किट एवं मिठाई वितरित कर जन्मोत्सव मनाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना ही सशक्त और नए भारत की आधारशिला है।

उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों पर जोर देते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने की अपील की। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, बल्कि यह कानूनन अपराध भी है।

उन्होंने महिला एवं बालिकाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन 181, 1090 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह न करने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही बाल विवाह रोकने के लिए लागू कानूनी प्रावधानों और विभागीय प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. संजीव पांडे, कनिष्ठ सहायक रामकरण, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी, काउंसलर श्रद्धा सिंह, एमटीएस दीप्ति मिश्रा, उजमा, सानिया, कमलकांती, सोफिया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *