सरोजनीनगर में विज्ञान प्रदर्शनी: छात्रों ने दिखाया नवाचार का हुनर

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के शांति नगर स्थित क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज में वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के चेयरमैन ई. योगेंद्र सचान के निर्देशन में हुआ।

आयोजन उत्साह, गरिमा और शैक्षिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार स्पष्ट रूप से देखने को मिला। कॉलेज परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकारों और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।

छात्रों ने अतिथियों के समक्ष अपने-अपने प्रोजेक्ट का उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उपयोगिता आत्मविश्वास के साथ समझाई। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक पीएससी डॉ. आर.के. स्वर्णकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ आईएएस डॉ. हीरालाल (सचिव, राष्ट्रीय एकीकरण विभाग), आईएएस मनीष वर्मा, आरईएस के सेवानिवृत्त निदेशक रविंद्र गंगवार, आर.एल. निरंजन, मुनीश गंगवार, कुलदीप सचान, अजीत सिंह, डॉ. सुधा बाजपेयी, राम गोपाल सचान, राधा देवी, डायरेक्टर ऋषिका सचान एवं उन्नयन सचान शामिल रहे।

अतिथियों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और छात्रों से उनके मॉडल से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों की सोच, प्रस्तुति और विषय चयन की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या समाधान क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करती हैं।

इस अवसर पर चेयरमैन ई. योगेंद्र सचान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर छात्रों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी और बाल मेले जैसे आयोजनों से बच्चों को सीखने का व्यावहारिक मंच मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शैक्षिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिन्हें अभिभावकों और अतिथियों ने सराहा। आयोजन की सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *