रायबरेली में जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

रायबरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंजू लता, मुख्य विकास अधिकारी रायबरेली ने की। बैठक में जिले के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, जल निकासी, अतिक्रमण, साफ-सफाई, भारी वाहनों के आवागमन, सड़क चौड़ीकरण और निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यमियों से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उद्योग संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इसके साथ ही जिले में औद्योगिक निवेश, नए उद्यमों की स्थापना, लाइसेंस एवं अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) निर्गमन, भूमि आवंटन तथा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे उद्योगों को सुगम और अनुकूल वातावरण मिल सके।

बैठक में उपस्थित उद्यमियों द्वारा अपनी समस्याएं और मांगें भी रखी गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन शिकायतों के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, इसलिए प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि उद्यमियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।

बैठक में सिद्धार्थ (अपर जिलाधिकारी-प्रशासन), परमहंस मौर्य (उपायुक्त उद्योग), स्वर्ण सिंह (अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिले के उद्यमी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उद्योगों से जुड़े मामलों में नियमित समीक्षा कर समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts