जल जीवन मिशन: रायबरेली में ‘जल अर्पण कार्यक्रम’, ग्रामीण पेयजल योजना ग्राम पंचायत को सौंपी गई

रायबरेली। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा ग्राम पंचायत विनोहरा, विकासखंड राही में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक अदिति सिंह ने की। इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्ण की गई पेयजल आपूर्ति योजना को औपचारिक रूप से संबंधित ग्राम पंचायत एवं ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) को हस्तांतरित किया गया।

जल अर्पण कार्यक्रम

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव और सतत प्रबंधन की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित करना है, ताकि योजनाओं की दीर्घकालिक स्थिरता बनी रहे। योजना के हस्तांतरण के साथ ग्राम पंचायत और वीडब्ल्यूएससी को संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अदिति सिंह ने कहा कि जल अर्पण कार्यक्रम जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को व्यवहारिक रूप से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण स्थानीय स्वामित्व और जवाबदेही को मजबूत करेगा, जिससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था निरंतर और प्रभावी बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर संचालन से योजनाओं की गुणवत्ता और सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित की जा सकेगी।

इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत “हर घर नल से जल” लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत एवं वीडब्ल्यूएससी प्रतिनिधियों को हर घर जल से संबंधित प्रमाण पत्र एवं प्रतीकात्मक हस्तांतरण दस्तावेज प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि जल संसाधनों का संरक्षण, समुचित उपयोग और प्रबंधन केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। इसमें ग्राम पंचायतों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों तथा ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता (सिविल एवं यांत्रिक), अन्य वरिष्ठ अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *