अभिभावक परामर्श गोष्ठी का आयोजन, दिव्यांग बच्चों ने दिखाई सृजनशीलता

रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग की समेकित शिक्षा इकाई द्वारा परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों के लिए एक परामर्श गोष्ठी का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र अमावा में किया गया। कार्यक्रम का दिशा-निर्देशन खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह ने किया।

कार्यक्रम का व्यवस्थापन एवं संचालन विशेष शिक्षक अभय प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा किया गया, जबकि डॉक्यूमेंटेशन का दायित्व मीना वर्मा ने संभाला। गोष्ठी में विकास क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

गोष्ठी के दौरान विशेष शिक्षक अभय प्रकाश श्रीवास्तव ने समेकित शिक्षा के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों की शंकाओं का समाधान किया तथा दिव्यांग बच्चों से फीडबैक और सुझाव भी प्राप्त किए। साथ ही गोष्ठी में निःशुल्क बनवाए गए यूडीआईडी कार्ड बच्चों को प्रदान किए गए।

विशेष शिक्षक मीना वर्मा ने अन्य दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों से यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया और इसके लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित कला एवं क्राफ्ट का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। श्रवण बाधित छात्र राज द्वारा गत्ते से निर्मित वीणा और कमल का फूल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

गोष्ठी के समापन पर बच्चों एवं अभिभावकों को विभाग की ओर से लंच पैकेट वितरित किए गए। अभिभावकों ने विकासखंड के विशेष शिक्षकों अभय प्रकाश श्रीवास्तव एवं मीना वर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक संसाधन केंद्र से संतोष, सुरेश, आशीष, तनु, गोपाल, सौरभ एवं मनोज उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *