शकील अहमद
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय खेल उत्सव (स्पोर्ट्स मीट सेलिब्रेशन) का दूसरा दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन रजनी शारदा नगर स्थित विद्यालय परिसर में किया जा रहा है।
दूसरे दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन बैंक के बैंक मैनेजर अनंत सिंह राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, रिबन काटकर खेल उत्सव की औपचारिक घोषणा तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य दिव्या पांडे ने कहा कि खेल उत्सव बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि दूसरे दिवस के कार्यक्रम में खेल, सांस्कृतिक एवं फिटनेस गतिविधियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 11 की छात्राओं द्वारा अभिभावकों एवं अतिथियों के तिलक स्वागत से हुई। इसके बाद अतिथियों एवं समय से पहुंचे अभिभावकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में “शुभम करोति” नृत्य, स्कूल स्काउट एवं गाइड टीम का मार्च पास्ट तथा विद्यालय के संस्थापक एवं चेयरमैन का प्रेरणादायक संबोधन प्रमुख रहा।
खेल गतिविधियों के अंतर्गत यूकेजी-ए एवं यूकेजी-बी की दौड़ प्रतियोगिताएं, जुम्बा फिटनेस डांस, ताइक्वांडो एवं जूडो प्रदर्शन, पोम-पोम ड्रिल, स्पोर्ट्स डांस तथा अभिभावकों के लिए विशेष रेस का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
ग्रैंड फिनाले में मार्च पास्ट बीट्स के साथ विद्यार्थियों की भव्य एंट्री, तिरंगे को समर्पित पिरामिड निर्माण, सैनिकों के सम्मान में स्टैंडिंग ओवेशन तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष त्रदीप नारायण पांडेय एवं संस्थापक डॉ. जगत नारायण पांडे ने संयुक्त रूप से बताया कि खेल दिवस के अवसर पर यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है, जिससे बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़े और वे शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों को खेल मैदान से सुरक्षित रूप से डिस्पर्स किया गया।


















