लखनऊ। जनसामान्य को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 मार्च 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह के निर्देशन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ जीवक कुमार सिंह ने की।
बैठक में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के जिला समन्वयकों और पदाधिकारियों के साथ आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाए जाने वाले वादों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया के मनीष पाठक सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने निर्देश दिए कि सभी बैंक अपनी शाखाओं में बैनर एवं सूचना सामग्री लगाकर राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही, संबंधित वादों के नोटिस समय से तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि नोटिसों का समयबद्ध तामील सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि व्हाट्सएप, संदेश (SMS) एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी जाए, जिससे लोक अदालत के माध्यम से अधिकतम मामलों का निस्तारण किया जा सके।


















