महाशिवरात्रि पर सरोजनीनगर में रुद्राभिषेक और भंडारा, शिव भक्तों की उमड़ी भीड़

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शांति नगर स्थित केशव नगर, केशव कुंज कल्याण समिति द्वारा रुद्राभिषेक एवं भव्य भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ की।

रुद्राभिषेक के दौरान “ॐ नमः शिवाय” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

समिति के अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने अपने संबोधन में पर्वों के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन में उपाध्यक्ष नीतू सिंह, कामिनी सिंह, मनीष तिवारी, हिमांशु शुक्ला, महामंत्री अरविंद पाल, कोषाध्यक्ष अंकित प्रजापति, सचिव राम सिंह तथा संरक्षक गोविंद मणि तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। विधिक सलाहकार एडवोकेट लक्ष्मी नारायण मिश्रा और एडवोकेट अक्षय तिवारी समेत अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

क्षेत्रवासियों ने समिति द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता को सुदृढ़ करने वाला प्रयास बताया।

इनसेट-

प्राचीन श्री रेतेश्वर महादेव धाम में धूमधाम से मनाई गई महाशिवरात्रि

सरोजनीनगर। लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बनी गांव में सई नदी के तट पर स्थित प्राचीन श्री रेतेश्वर महादेव धाम में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। रविवार 15 फरवरी 2026 को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

वरिष्ठ भाजपा नेता व समाजसेवी शिवशंकर सिंह शंकर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। रात्रि में शिव जागरण आयोजित किया गया, जिसमें आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी गई।

आयोजन के दौरान रात्रि में शिव जागरण और झांकियों की प्रस्तुति भी की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

श्रद्धालुओं ने भगवान श्री रेतेश्वर महादेव के दर्शन कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। यह प्राचीन धाम अपने ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है, जहां महाशिवरात्रि के अवसर पर आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts