रायबरेली के नगर निकायों को 15वें वित्त आयोग फंड पर सख्ती: एडीएम ने दिए गुणवत्ता और सफाई पर कड़े निर्देश

रायबरेली। जनपद में नगर निकायों के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 15वें वित्त आयोग तथा अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्राप्त धनराशि के सापेक्ष नगर पालिका एवं नगर पंचायतों द्वारा प्रस्तुत कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। एडीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोकहित और जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने विशेष रूप से नगर निकायों द्वारा क्रय की जाने वाली सामग्री जैसे कूड़ादान, कूड़ागाड़ी, स्ट्रीट लाइट आदि की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एडीएम ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों अनिवार्य हैं।

साथ ही सभी निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों।

बैठक में नगर पंचायत डलमऊ के अध्यक्ष ब्रजेश दत्त गौड़, परशदेपुर के अध्यक्ष विनोद कौशल, नसीराबाद के अध्यक्ष मो. अली, लालगंज की अध्यक्ष सरिता गुप्ता, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह सहित विभिन्न नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *